अन्य खबरेंगढ़वाल मंडल

केंद्रीय कृषि मंत्री ने ‘खेत बचाओ अभियान’ के सफल संचालन में राज्य सरकार की सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया

देहरादून। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चैहान ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर देशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ के सफल संचालन में राज्य सरकार के सहयोग, मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया है। केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, कृषि विज्ञान केंद्रों, कृषि विश्वविद्यालयों तथा राज्य कृषि विभागों के सहयोग से 1 जून से 30 जून तक देशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ का सफल संचालन किया गया। अभियान का उद्देश्य किसानों को मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन, उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग, समेकित पोषक तत्व प्रबंधन तथा प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करते हुए “स्वस्थ मिट्टी स्वस्थ फसल समृद्ध किसान” के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देना था।
शिवराज सिंह चैहान ने पत्र में उल्लेख किया है कि अभियान के दौरान देश के 721 जिलों के 71 हजार से अधिक गांवों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा लगभग 1.04 करोड़ किसानों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया गया। इसके साथ ही 96 हजार से अधिक किसानों के खेतों पर प्राकृतिक खेती, हरी खाद, दलहनी फसलों के समावेश एवं अन्य वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से संबंधित फ्रंटलाइन प्रदर्शन लगाए गए। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से लगभग 5 करोड़ किसानों तक मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि का संदेश पहुंचाया गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान उत्तराखंड में भी किसानों में मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन तथा प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती के प्रति जागरूकता बढ़ी है, जिससे कृषि को अधिक लाभकारी, वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के राष्ट्रीय प्रयासों को नई गति मिली है। उन्होंने ‘खेत बचाओ अभियान’ की सफलता में मुख्यमंत्री के महत्वपूर्ण योगदान के लिए धन्यवाद दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button